ईपीएफओ के 74वें स्थापना दिवस पर सोमवार को सर्वोदयनगर स्थित क्षेत्रीय भविष्य निधि कार्यालय में कानपुर रोडवेज के सहयोग से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया और इसकी सुविधा से संबंधित जागरूकता संदेश प्रदर्शित करवाया गया और इसे रवाना किया गया। क्षेत्रीय आयुक्त प्रथम शाहिद इकबाल ने जागरूकता बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य कानपुर शहर और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पेंशनभोगियों तक जीवन प्रमाण पत्र की डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाना है। उन्हें घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति जागरूक करना है। पेंशनभोगियों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने, उनकी सुविधा बढ़ाने तथा जीवन प्रमाण पत्र की प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाने की दिशा में कदम है।