बिल्हौर तहसील क्षेत्र के अरौल स्थित नसीरापुर गांव में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक साथ 18 मकान भरभराकर गिर गए। इस भीषण हादसे में ग्रामीणों का घरेलू सामान और पूरी गृहस्थी मलबे में दबकर नष्ट हो गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन भारी तबाही के कारण ग्रामीणों के सामने सिर छिपाने का संकट खड़ा हो गया है। सूचना मिलते ही एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और राजस्व टीम को क्षति का आकलन कर पात्र परिवारों को जल्द शासन से आर्थिक सहायता दिलाने के निर्देश दिए हैं।