पतारा कस्बे में बारिश से हुए जलभराव के निकासी के लिए लिंक मार्ग को कटवाकर सीमेंटेड पाइप डलवाने का काम किया गया है। जिससे कस्बे के लोगो को बारिश से हुए जलभराव से निजात मिलेगी। मालूम हो कि बारिश के दौरान कस्बे में जल भराव की समस्या हो गई थी। जगह जगह कई दिनों तक बारिश का पानी तालाब की शक्ल में भरा रहा था। रविवार दोपहर पतारा बीडीओ शिवनरेश राजपूत ने रायपुर रोड स्थित पुलिया के पास पहुंचे। जल निकासी की समस्या से निजात दिलाने के लिए रायपुर- छाजा लिंक मार्ग पर सड़क को कटवाकर सीमेंटेड पाइप लाइन डलवाई। जिससे पतारा कस्बे की जल निकासी की समस्या दूर होगी। उन्होंने इसके साथ सचिव शैलेन्द्र गोस्वामी को गांव की साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। बीडीओ ने बताया कि उन्होंने पीडब्ल्यूडी से बातकर सड़क को कटवाकर सीमेंटेड पाइप डलवाया गया है, जिससे पतारा कस्बे की जल निकासी की समस्या से निजात मिलेगी।