किदवई नगर स्थित डॉ. चिरंजी लाल राष्ट्रीय इंटर कॉलेज में सोमवार को 70वीं जनपदीय विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आगाज हुआ। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रवीण कुमार तिवारी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। पहले दिन बंदना, उत्कर्ष, सार्थक, मानस और वैभवी ने शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीते। प्रतियोगिता के पहले दिन ट्रैक और फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच जोरदार प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। अंडर-14 बालिका वर्ग की 600 मीटर दौड़ में बिल्हौर जोन की बंदना पहले, बिठूर की तिया दूसरे और पायल यादव तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-17 की 800 मीटर दौड़ में बिल्हौर की रंजना विजेता रहीं। गोविंदनगर की तान्या सिंह द्वितीय और बिठूर की अंशिका कुशवाहा तृतीय रहीं। अंडर-19 में बिल्हौर की साक्षी ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि घाटमपुर की आरपी दूसरे और गोविंद नगर की अनामिका तीसरे स्थान पर रहीं। लंबी कूद के अंडर-14 बालिका वर्ग में एलएनके विष्णुपुरी की वैभवी अग्निहोत्री प्रथम रहीं। बिल्हौर की अंशिका और प्रांशी ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-17 में पनकी की अनुष्का यादव ने स्वर्ण, आर्य नगर की शिवानी निषाद ने रजत और बिल्हौर की कोमल ने कांस्य पदक जीता। अंडर-19 में आर्यनगर की अंशी मौर्या अव्वल रहीं। बिठूर की आकृति पाल दूसरे और बिल्हौर की प्रियंका तीसरे स्थान पर रहीं।