नत्थापुरवा गांव के बाहर खेत में गुरुवार को हुए ट्रेनी विमान हादसे का 14 वर्षीय अमन निषाद चश्मदीद गवाह बना। जिस खेत में विमान गिरा, अमन उस समय घटनास्थल से महज करीब 50 मीटर दूर भैंस चरा रहा था। अचानक उसकी नजर आसमान में उड़ रहे विमान पर पड़ी। अमन के मुताबिक विमान सामान्य तरीके से उड़ने के बजाय लहराता हुआ नीचे की ओर आने लगा। अमन ने बताया कि हादसे से कुछ पल पहले विमान करीब 200 मीटर दूर आसमान में दिखाई दिया था। वह हवा में लहराता हुआ तेजी से नीचे आया। अमन के मुताबिक करीब 15 सेकेंड के भीतर विमान खेत में बनी बाउंड्रीवाल से टकरा गया और क्षतिग्रस्त होकर गिर पड़ा।