अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रविवार को नगर के सुभाष अकाडमी मे अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया। सुनहरे भविष्य का सपना संजोए छात्र-छात्राओं ने पूरी लगन के साथ अपनी तैयारी परखी। ओएमआर शीट पर प्रश्नों के सही उत्तर वाले विकल्प भरने में कुल 507 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित हुए। इस परीक्षा के लिए जनपद के विभिन्न विद्यालयों ने 1066 छात्रों ने पंजीकरण कराया था जिसमें से 559 छात्र अनुपस्थित और 507 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा की व्यवस्था सुभाष अकादमी के निदेशक राजेश सक्सेना तथा प्रधानाचार्य प्रवीण सिंह यादव सहित विद्यालय के स्टाफ ने संभाली शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के लिए पहुंचे छात्रों में काफी उत्साह देखा गया। बहुत से परीक्षार्थी पेपर शुरू होने से डेढ़ से दो घंटे पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। कई छात्रों को तो उनके अभिभावक साथ लेकर आए। सुबह नौ बजे से ही गेट के सामने अनुक्रमांक वार परीक्षार्थियों और कमरों की सूची चस्पा कर दी गई थी, ताकि परीक्षार्थियों को सीटिंग प्लान की जानकारी हो जाए और उन्हें अपनी सीट ढूंढने में असुविधा न हो। परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा से निपटने के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी। लगभग 10 बजे कक्ष निरीक्षक अपने कक्षों में परीक्षा सामग्री लेकर पहुंचे। 11 बजे से परीक्षा शुरू हुई और 190 मिनट की परीक्षा में 100 बहुविकल्पीय प्रश्नों के उत्तर ओएमआर शीट पर भरने थे।