संवाद न्यूज एजेंसी मऊरानीपुर। कोतवाली क्षेत्र में रविवार दोपहर टैक्सी में सफर कर रही ब्यूटी पार्लर संचालिका के बैग की चेन खोलकर अज्ञात युवतियों ने 30 हजार रुपये पार कर दिए। बाजार पहुंचने पर महिला को नकदी गायब होने की जानकारी हुई। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार, महोबा जनपद के कुलपहाड़ निवासी रेखा सेन ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह इंटरसिटी ट्रेन से लहंगा खरीदने के लिए मऊरानीपुर पहुंचीं। रेलवे स्टेशन से बाजार जाने के लिए वह टैक्सी में सवार हो गईं। रास्ते में सरकारी अस्पताल के आगे दो अज्ञात युवतियां भी टैक्सी में बैठ गईं। कुछ दूर चलने के बाद दोनों युवतियां रास्ते में उतर गईं। रेखा सेन के अनुसार, बड़ा बाजार पहुंचने पर जब वह टैक्सी से उतरीं तो उनके बैग की चेन खुली मिली। बैग में रखे 30 हजार रुपये गायब थे। उन्होंने आसपास युवतियों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। अतिरिक्त निरीक्षक इंद्रपाल सरोज ने बताया कि महिला कोतवाली आई थी, लेकिन अभी तक उसकी ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।