हाथरस में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन्स (यूएफबीयू) के आह्वान पर शुक्रवार को हाथरस में बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय, अलीगढ़ रोड के सामने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और पीएलआई में भेदभाव समाप्त करने की मांग उठाई। विनियमित कार्य घंटे, पेंशन अपडेशन और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को अनुग्रह राशि जैसी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। यूएफबीयू का पांच दिवसीय बैंकिंग प्रस्ताव इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) ने सरकार को भेजा है, जिस पर स्वीकृति का इंतजार है। मांगों पर शीघ्र निर्णय न होने पर आंदोलन को व्यापक करने की चेतावनी दी गई। बैंककर्मियों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय हड़ताल तथा 26 अक्तूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की है।