गोंडा। नगर के न्यू कैलाशपुरी के लोग इस समय जलभराव की समस्या से जूझ रहे हैं। कई दिनों से रास्ते पर पानी भरा हुआ है। नाली का पानी इसमें बह रहा है। दुर्गंध के कारण लोग परेशान हैं। नगर पालिका के सारे दावे यहां फेल नजर आ रहे हैं। मोहल्ले के लोग चंदा लगाकर किसी तरह से पानी निकलवा रहे हैं। वीरू साहू ने बताया कि करीब 10 साल से पानी भर रहा है। लेकिन, जलनिकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं हो पाया है। महिलाओं व बच्चों को भी दिक्कतें हो रही हैं। मोहल्लावासियों का आरोप है कि नगर पालिका के अधिकारी आज तक झांकने तक नहीं आए। उधर, मेडिकल कॉलेज परिसर में भी पानी भरा हुआ है। दंत रोग विभाग के सामने लोग ईंट रखकर आ-जा रहे हैं।