गोंडा में कटरा बाजार थाना क्षेत्र के अशोकपुर दुबेपुरवा निवासी प्रदीप दुबे (20) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क हादसा मान रही है। जबकि, परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। घटना को लेकर इलाके में अलग-अलग चर्चाएं हो रही हैं। बताया गया कि प्रदीप शनिवार शाम मदरहवा चौराहे पर सब्जी लेने के लिए घर से निकला था। इसके बाद कई घंटे तक उसका कोई पता नहीं चला। बाद में वह गंडाही में घायलावस्था में मिला। उसके शरीर और पैर में गंभीर चोट के निशान बताए जा रहे हैं। आनन-फानन प्रदीप को जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचते ही उसकी सांसें थम गईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। वहीं, परिजन घटना को हादसा मानने के बजाय हत्या की आशंका जता रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।