ममतांजलि ग्रुप के सीएमडी संतोष कुमार यादव को रविवार को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेने की कार्रवाई को लेकर उनके अधिवक्ता संजय सिंह कुशवाहा ने जेल प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि 21 नवंबर को उनके मुवक्किल को जिला कारागार से पुलिस अभिरक्षा में सौंपने से पहले न तो उन्हें सूचना दी गई और न ही परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। बंदी के अनुरोध के बावजूद अधिवक्ता से संपर्क नहीं कराया गया। इस संबंध में उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र भेजकर मामले की जांच कराने और संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है।