शहर के महुआबाग स्थित एक हाल में बुधवार को 52वीं पुरुष एवं 44वीं सीनियर महिला नेशनल पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप एवं स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता के पांचवें दिन कुल तीन केटेगरी जिसमें महिला वर्ग की 69 और 76 किग्रा भार वर्ग की प्रतियोगिता हुई। 69 किलो भार वर्ग में महाराष्ट्र की प्रेरणा सालवी ने कुल 580 किलो भार उठाकर पहला, राजस्थान की पूनम ने कुल 537.5 किलो भार उठाकर दूसरा और दिल्ली की स्नेहा कुमारी ने 455 किलो भार उठाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया।महिलाओं के 76 किलो भार वर्ग में तमिलनाडु की राजेश्वरी विनायमूर्थी ने कुल 543 किलो भार उठाकर प्रथम, महाराष्ट्र की सेजल मोइकर ने कुल 527.5 किलो भार उठाकर द्वितीय और आंध्र प्रदेश की सीर चंदरकला ने 510 किलो भार उठाकर तृतीय स्थान प्राप्त किया। शाम को स्पेशल ओलंपिक के तहत देश के अलग-अलग राज्यों से आए 44 दिव्यांग खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न श्रेणियों में भार उठाकर अपना प्रदर्शन किया। स्पेशल ओलंपिक प्रतियोगिता के बाद सभी दिव्यांग खिलाड़ियों को स्मृति चिन्ह और विभिन्न श्रेणी के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर पावरलिफ्टिंग उत्तर प्रदेश के महासचिव अमित राय, अरविंद शर्मा, संजीव सिंह, पुनीत सिंघल, अमित सैनी, प्रशांत राय, सत्यम और रोहित तिवारी उपस्थित रहे।