फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फर्रुखाबाद: बारिश से मैदान में दलदल, मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल बदला

तीन सितंबर को बाढ़ राहत सामग्री वितरण के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी में बनाया गया सभास्थल व मैदान मंगलवार भोर में हुई बारिश से दलदल में तब्दील हो गया। प्रशासन ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल बदलकर फतेहगढ़ पुलिस लाइन मैदान कर दिया। मंगलवार को सभास्थल पर तैयारियां चलती रहीं। पहले राजेपुर क्षेत्र के गांव डबरी में सभास्थल बनाया जा रहा था। वहां जेसीबी व प्रेशर रोलर लगाकर सोमवार को भूमि का समतलीकरण कराया गया। मंगलवार भोर में झमाझम बारिश हो गई। बारिश थमने के बाद सभास्थल पर टेंट, मंच बनाने की सामग्री, कूलर, साउंड आदि भी पहुंच गया। जेनरेटर भी पहुंचा दिया गया। लेकिन बारिश से मैदान में इस कदर दलदल हो गया कि वहां सामग्री लेकर पहुंचे लोडर आदि वाहन फंस गए। वहां काम में लगे मजदूरों ने रस्सी से खींचकर बाहर निकाला। मैदान का पानी निकालने के लिए वहां गड्ढे भी किए गए पर उसका लाभ नहीं मिला। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल बदलकर पुलिस लाइन मैदान में बनाने के आदेश दिए। डबरी में पहुंचाई गई सामग्री पुलिस लाइन लाई गई। वहां टेंट, मंच आदि बनाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया। अधिकारी भी दिन भर जुटे रहे। कार्यक्रम स्थल पर ही बाढ़ पीड़ितों को मुख्यमंत्री राहत सामग्री भी वितरित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि डबरी के मैदान में बारिश से कीचड़ व दलदल हो गया था। इसके चलते अब पुलिस लाइन मैदान में कार्यक्रम स्थल बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम स्थल एक तरीके से बाढ़ राहत शिविर होगा। सभास्थल पर मुख्यमंत्री सभी तहसील क्षेत्रों के करीब एक हजार बाढ़ पीड़ितों को राहत किट का वितरण करेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें