फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: आधी रात दो मकानों में घुसे बदमाश, तीन राउंड फायरिंग से दहशत, रामवती के घर से जेवरात समेत सामान चोरी

राजा का रामपुर। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के गांव गढ़िया जगन्नाथ में शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब साढ़े 12 बजे बदमाशों ने दो मकानों को निशाना बनाया। बदमाश पीछे की ओर से मकानों में दाखिल हुए। एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दूसरे मकान में भी घुसने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों के जागने और शोर मचाने पर बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले। घटना में बदमाशों द्वारा कुल तीन राउंड फायर किए जाने की बात सामने आई है। रामवती के घर से जेवरात समेत सामान चोरी - बदमाशों ने कुलदीप की पत्नी रामवती के मकान को निशाना बनाया। रामवती मकान में अकेली रहती हैं, जबकि उनके पति कुलदीप बाहर नौकरी करते हैं। बदमाश पीछे की ओर से मकान की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए और घर में रखे जेवरात व अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, बदमाश अंगूठी, कुंडल और पाजेब समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। परिवार के एक युवक की कुछ माह पहले ही लगुन चढ़ी थी, जिसके चलते शादी के लिए रखा सामान भी चोरी होने की बात बताई गई है। चोरी हुए सामान और नुकसान का पूरा आकलन किया जा रहा है। कुलदीप की भतीजी अनुज्ञा ने बताया कि रात में रामवती की तेज आवाज और शोर सुनकर उन्हें घटना की जानकारी हुई। रामवती ने बताया कि घर में चोर घुस आए हैं। उनके मुताबिक, दो बदमाश कमरे के अंदर और दो छत पर मौजूद थे। अनुज्ञा के अनुसार, जब वह मौके पर पहुंचीं तो बदमाशों ने उनकी ओर तमंचे से फायर कर दिया। इसके बाद वह डरकर अंदर चली गईं और अपने चाचा तथा ताऊ को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजनों और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के बाद बदमाश वहां से भाग निकले। शिवरी के मकान में चोरी नहीं कर पाए बदमाश - इसी रात बदमाशों ने शिवरी के मकान को भी निशाना बनाया। बदमाश यहां भी पीछे की ओर से दाखिल होने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन आहट होने पर परिजनों को इसकी जानकारी हो गई। शोर-शराबा होने और ग्रामीणों के मौके पर पहुंचने के कारण बदमाश यहां चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके और मौके से फरार हो गए। परिजनों के मुताबिक, बदमाशों के आने की जानकारी होने पर गांव में लोगों को फोन किया गया। ग्रामीणों के पहुंचने के बाद बदमाश भाग निकले। घटना के दौरान फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई है। गेट अंदर से बंद कर गए थे बदमाश - घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना राजा का रामपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल की। बताया गया कि बदमाश मकान का गेट अंदर से बंद कर गए थे, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खोला। पुलिस बोली- प्रथम दृष्टया चोरी के प्रयास का मामला, थाना राजा का रामपुर के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया कि देर रात सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ गांव गढ़िया जगन्नाथ पहुंचे थे। संबंधित मकान गांव से बाहर स्थित हैं और एक मकान में केवल महिला रह रही थी, जबकि उसका पति बाहर नौकरी करता है। प्रथम दृष्टया मामला चोरी के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। परिवार से चोरी हुए सामान और नुकसान की जानकारी ली जा रही है। मामले की जांच जारी है और थाना स्तर से आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस बदमाशों की तलाश के साथ ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें