नई बस्ती स्थित एक होटल में बुधवार को सखी-सहेली संस्था की ओर से डांडिया सेलिब्रेशन का आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने ‘ढोली तारो ढोल बाजे’ समेत गरबा और डांडिया के गीतों पर जमकर नृत्य किया। संगीत की धुन पर थिरकती महिलाओं ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग के रंग भर दिए। इस दौरान मनोरंजक खेलों और विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन हुआ, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खेल प्रतियोगिताओं में दिखाई प्रतिभा कार्यक्रम के दौरान हाउजी प्रतियोगिता में नीशी ने पहला, शालू श्रीवास्तव ने दूसरा और जगदंबा ने तीसरा स्थान हासिल किया। पंक्चुअलिटी प्रतियोगिता में जगदंबा प्रथम रहीं। वहीं, चूड़ी गेम में रूबी चौधरी ने पहला, लता शर्मा ने दूसरा और राजकुमारी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा कुर्सी गेम, डांडिया और अन्य मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन को खास बनाया। विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। त्योहारों से बढ़ता है आपसी मेलजोल संस्था की अध्यक्ष राजकुमारी सिंह ने कहा कि सभी पदाधिकारियों के सहयोग से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन आयोजनों के माध्यम से महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और व्यस्त दिनचर्या से कुछ समय निकालकर एक-दूसरे के साथ खुशियां बांटने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम, मेलजोल और सौहार्द को बढ़ावा देते हैं। संस्था आगे भी महिलाओं के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।