शारदीय नवरात्र के अवसर पर सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत चंदौली में जागरूकता पैदल मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर मार्च को रवाना किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों, छात्राओं, महिला पीआरडी जवानों, होमगार्ड, आशा कार्यकर्ताओं और विभिन्न विभागों से जुड़ी महिलाओं ने हिस्सा लिया। मार्च के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश दिया गया। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें विद्यालयों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता अभियान चला रही हैं। महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी जा रही है।