दिल्ली में अधिवक्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार और उनकी गिरफ्तारी के विरोध में मंगलवार को नौगढ़ तहसील परिसर में अधिवक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। अधिवक्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर जोरदार प्रदर्शन किया तथा उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान तहसील परिसर में काफी देर तक विरोध प्रदर्शन चलता रहा। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने "ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो" और "ज्ञानेश कुमार मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया। अधिवक्ताओं का कहना था कि दिल्ली में अधिवक्ताओं के साथ किया गया व्यवहार अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। साथ ही अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी की घटना से पूरे अधिवक्ता समाज में रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं का सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा की जानी चाहिए। यदि इस प्रकार की घटनाएं नहीं रुकीं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामचंद्र यादव तथा समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के प्रदेश सचिव एवं पूर्व बार एसोसिएशन अध्यक्ष जिलाजीत यादव ने किया।