कंजेहरा गांव में चल रही रामलीला में मंगलवार की रात गया, बिहार से आए कलाकारों ने सुलोचना सती और अहिरावण वध की लीला का मंचन किया। मंचन के दौरान रावण परिवार से जुड़े प्रसंगों और अहिरावण वध के दृश्यों ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। मंगलवार की रात लीला में मेघनाद वध के बाद उसकी पत्नी सुलोचना के सती होने का मार्मिक प्रसंग प्रस्तुत किया गया। पति के प्रति समर्पण और पतिव्रता धर्म का पालन करते हुए सुलोचना के सती होने का मंचन किया गया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावुक हो उठे। इसके बाद रावण श्रीराम और लक्ष्मण को पराजित करने के लिए अहिरावण की सहायता लेता है। अहिरावण छल से राम और लक्ष्मण का अपहरण कर उन्हें पाताल लोक ले जाता है। इसकी जानकारी होने पर हनुमान पाताल लोक पहुंचते हैं और अहिरावण का वध कर राम और लक्ष्मण को मुक्त कराते हैं। अहिरावण वध होते ही पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। इस दौरान पिंटू प्रीतम, अनिल यादव, रणजीत सिंह यादव, झम्मन गोंड, उषा, शीला, तारा, तारकेश्वर नाथ ठाकुर आदि मौजूद रहे।