बदायूं। दिवाली त्योहार की धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को सुबह से रात तक बाजार में भीड़ उमड़ी। बर्तन, सराफा, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल्स के शोरूमों पर जमकर खरीदारी हुई।12 हजार दोपहिया, तिपहिया और कारों के बिकने की बात सामने आई। शहर के व्यापारिक संगठनों ने बताया कि इस बार धनतेरस पर खरीदारी में पिछले साल का रिकार्ड टूटा है। कारोबार सवा चार सौ करोड़ के पार होने का अनुमान है। सराफा और बर्तन बाजार में छोटी-बड़ी दुकानों पर दिनभर भीड़ रही। शाम होते-होते मुख्य बाजारों में पैर रखने की जगह नहीं बची। बाजार की गलियों में ऐसे हालात हो गए कि लोगों को बाइकों को त्यागकर पैदल शॉपिंग करनी पड़ी। बर्तन बाजार की दुकानों और सराफा के शोरूम देर रात तक खुले रहे। बाजारों में पुलिस अधिकारी सक्रिय रहे। खील बतासे, लक्ष्मी-गणेश मूर्तियों से लेकर घरों को सजाने के सामान की दुकानों पर देर रात तक भीड़ रही। झाड़ू जमकर बिकी। बच्चों के साथ खरीदारी आए लोगों ने स्टॉलों पर चाट-पकौड़ी का भी आनंद लिया। बच्चों ने खिलौनों और गुब्बारों की खरीदारी की। धनतेरस का पर्व बाजार के लिए बेहद शुभ साबित हुआ और व्यापारियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।