नजीबाबाद किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन ने बुधवार को नगर में ट्रैक्टर रैली निकाली। किसान सिविल न्यायालय के पास से नगर पालिका के झंडा तिराहा, मोटा आम, माल गोदाम होते हुए बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ तहसील की ओर रवाना हुए। रैली के दौरान माल गोदाम क्षेत्र में जाम लग गया। किसानों ने पुलिस की समुचित व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाते हुए सड़क पर बैठकर हंगामा किया। इससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार मौके पर पहुंचे और किसानों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद किसान ट्रैक्टर रैली के साथ तहसील के लिए रवाना हुए। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर महापंचायत की चेतावनी किसानों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए मांग की थी कि नौ सितंबर से पहले उनका समाधान कराया जाए। समाधान नहीं होने पर नौ सितंबर को तहसील में महापंचायत करने की चेतावनी दी गई थी। बुधवार को ब्लॉक अध्यक्ष अजय बालियान, तहसील अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, ब्लॉक महासचिव गिरिराज चौधरी, मंडल उपाध्यक्ष वीरेश राणा, नीटू चौधरी, चौधरी महेंद्र सिंह, अमित कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ तहसील के लिए रवाना हुए।