बाराबंकी में फतेहपुर थाना क्षेत्र के भैसुरिया गांव के पास शारदा सहायक डबल नहर में बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे एक युवक ने छलांग लगा दी। युवक को नहर में कूदते देख उसके चाचा ने उसे बचाने के लिए पीछे से नहर में छलांग लगा दी, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण युवक उनके हाथ से निकल गया। युवक की पहचान प्यारेपुर निवासी प्रद्युम्न रावत के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण नहर के किनारे पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी। ग्रामीण काफी देर तक नहर में खोजबीन करते रहे, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रद्युम्न का कोई पता नहीं चल सका था।