गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में शुक्रवार को जिले के सभी 10 मतदान बूथों पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान जारी है। सुबह से ही मतदाता उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं। सुबह 10 बजे तक जिले में 25.46 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिले में कुल 982 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 839 पुरुष और 143 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए नगर क्षेत्र के एमपीपी इंटर कॉलेज में दो बूथ बनाए गए हैं। इसके अलावा तुलसीपुर के स्वतंत्र भारत इंटर कॉलेज और श्रीदत्तगंज, उतरौला, रेहरा बाजार, गैड़ास बुजुर्ग, शिवपुरा (हरैया सतघरवा), गैसड़ी व पचपेड़वा के क्षेत्र पंचायत कार्यालयों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया निष्पक्ष और सकुशल ढंग से संचालित हो रही है। निर्वाचन की निगरानी के लिए 13 माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात किए गए हैं। सुरक्षा के भी समुचित प्रबंध किए गए हैं। मतदान मतपत्र और मतपेटिका के माध्यम से कराया जा रहा है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटिकाएं कलेक्ट्रेट लाई जाएंगी। यहां से उन्हें गोरखपुर भेजा जाएगा।