बलरामपुर में रक्षाबंधन पर मायके जाने की खुशी और किराया बचने की राहत ने शुक्रवार सुबह रोडवेज बस अड्डे पर भीड़ बढ़ा दी। मुफ्त यात्रा की सुविधा का लाभ लेने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं और उनके साथ यात्री बसों के इंतजार में पहुंच गए। बसों में सीट पाने के लिए यात्रियों की कतार लगी रही और बस अड्डे पर दिन चढ़ने के साथ चहल-पहल बढ़ती गई। वरिष्ठ केंद्र प्रभारी तरन्नुम और यात्री कर अधिकारी मदन चंद्र ने यात्रियों की व्यवस्था संभाली। दोनों अधिकारियों ने महिलाओं को बसों में बैठाकर सुरक्षित रवाना किया। सुबह 10 बजे तक करीब 25 बसों से लगभग पांच हजार यात्रियों ने यात्रा की। त्योहार के चलते बसों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा काफी अधिक दबाव रहा। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक रक्षाबंधन को देखते हुए यात्रियों की भीड़ के अनुसार बसों का संचालन किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को मायके पहुंचने में परेशानी न हो। मुफ्त यात्रा की सुविधा ने उन परिवारों को खास राहत दी, जिनके लिए त्योहार पर आने-जाने का किराया अतिरिक्त खर्च बन जाता है।