जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने शनिवार को तहसील बैरिया क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं और बाढ़ बचाव की तैयारियों का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने आदर्श नगर पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई नियमित और बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों को कार्यालय परिसर में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके बाद उन्होंने गंगापुर में गंगा नदी के कटान से बचाव के लिए बने रिंग बांध का भी निरीक्षण किया। वहां कटान रोकने के लिए बोरियों में बालू भरने का कार्य चल रहा था। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से बचाव कार्य की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। इससे बाढ़ के दौरान कटान की स्थिति में तत्काल प्रभावी कदम उठाए जा सकेंगे।