फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: अक्षय नवमी पर श्रीराम जानकी मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, परिक्रमा कर मांगी सुख-समृद्धि की कामना

रुपईडीहा, बहराइच। अक्षय नवमी के पावन पर्व पर रुपईडीहा स्थित श्रीराम जानकी मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। इस अवसर पर सैकड़ों महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने मंदिर की परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूरा मंदिर परिसर जय श्रीराम के जयघोष, भजन-कीर्तन और ढोल-नगाड़ों की गूंज से भक्तिमय बना रहा। बुधवार सुबह पांच बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। महिलाओं ने समूहों में एकत्र होकर भजन-कीर्तन किया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मंदिर की परिक्रमा की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। इस अवसर पर श्रीराम जानकी मंदिर रुपईडीहा के महंत भगवान दास ने अक्षय नवमी के धार्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस दिन आंवले के वृक्ष की पूजा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और भगवान शिव का वास माना जाता है। इस दिन आंवले के वृक्ष की सात बार परिक्रमा करने, उसके नीचे कथा सुनने और आंवले का सेवन करने से आयु, सुख-समृद्धि और धन-वैभव की प्राप्ति होती है। उन्होंने बताया कि मंदिर में अक्षय नवमी पर परिक्रमा की परंपरा पुरातन काल से चली आ रही है। मान्यता है कि सच्चे मन से परिक्रमा करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं भगवान पूर्ण करते हैं। महंत भगवान दास ने श्रद्धालुओं से मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए यथाशक्ति सहयोग करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से मंदिर को और भव्य स्वरूप प्रदान किया जा सकता है। कार्यक्रम का समापन प्रसाद वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर सिद्धनाथ गुप्ता, निर्मल अग्रवाल, बबलू, यज्ञ सैनी, नरेश मित्तल, सीताराम अग्रवाल, पूरनमल अग्रवाल, रतन अग्रवाल, संजू, अनिल गुप्ता, विकास बंसल, जनार्दन अग्रवाल, श्रीचंद गुप्ता, रामनिवास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें