बागपत शुगर मिल में बुधवार को पेराई सत्र के शुभारंभ पर पहुंचे गन्ना मंत्री लक्ष्मी नारायण सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के वर्ष 2027 में मुख्यमंत्री बनने के बयान पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं। एआईएमआईएम नेता एसटी हसन के भगवान श्रीराम को लेकर दिए गए बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी। गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी की मांग पर मंत्री ने कहा कि रालोद के जनप्रतिनिधियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी को मुख्यमंत्री के सामने किसानों की मांग रखनी चाहिए। वह स्वयं भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने गन्ने का उचित मूल्य बढ़ाने की मांग उठाएंगे। उन्होंने कहा कि गन्ने का उत्पादन बढ़ा है, इसलिए किसानों को उचित मूल्य मिलना चाहिए।