आजमगढ़ में सरायमीर पुलिस ने नई बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक अंतरजनपदीय शातिर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया चांदी का मुकुट, पीली धातु की नथुनी और 403 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ जौनपुर और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में चोरी सहित सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पांच सितंबर को दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच नई बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। अभियुक्ता मुख्य द्वार से मंदिर में दाखिल हुई और रामदरबार व दुर्गा माता के गर्भगृह में पहुंचकर वहां रखे सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी करने के बाद उसने सामान को एक स्थान पर झाड़ियों में छिपा दिया था।