अयोध्या के तारुन में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय तारुन में चल रहे तीन दिवसीय भारत स्काउट और गाइड प्रथम एवं द्वितीय सोपान प्रशिक्षण शिविर का बुधवार को समापन हो गया। अंतिम दिन बच्चों ने टोली बनाकर तंबू निर्माण और बिना बर्तन के भोजन तैयार करने की बैक वुड मैन कुकिंग विधि का प्रशिक्षण लिया। ब्लॉक स्काउट मास्टर अलकेश कुमार पांडेय ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान बच्चों को टोली के रूप में कार्य करने, सीमित संसाधनों में तंबू लगाने और जंगल में उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर भोजन तैयार करने का अभ्यास कराया गया। बच्चों ने स्वयं तंबू लगाए और बैक वुड मैन कुकिंग के तहत भोजन तैयार किया। जिला स्काउट मास्टर अनूप मल्होत्रा ने बच्चों द्वारा लगाए गए तंबुओं का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। अंतिम सत्र में बच्चों को स्काउट-गाइड के नियम, प्रतिज्ञा, ध्वज शिष्टाचार और प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन भी हुआ। समापन समारोह में दीक्षा संस्कार के बाद प्रशिक्षण पूरा करने वाले बच्चों को बैज प्रदान कर स्काउट-गाइड में दीक्षित किया गया। प्रधानाध्यापक राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि स्काउट-गाइड प्रशिक्षण बच्चों में अनुशासन, आत्मनिर्भरता, सहयोग और सेवा भाव की भावना विकसित करता है। ऐसे प्रशिक्षण से बच्चे विषम परिस्थितियों में भी आत्मविश्वास के साथ कार्य करना सीखते हैं। इस अवसर पर शिक्षक सतेन्द्र पाठक, विभा साव, सुरेंद्र कुमार वर्मा, सुरेश कुमार, ममता तिवारी, जयवर्धन, सुनील प्रताप, किरन वर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।