अयोध्या। सिविल लाइन क्षेत्र में शनिवार को मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस, प्रशासन, फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन की टीमों ने आपातकालीन स्थिति से निपटने की तैयारियों का अभ्यास किया। मॉक ड्रिल के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना पर टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का अभ्यास किया, जबकि पुलिस ने इलाके को घेरकर भीड़ को नियंत्रित किया। एम्बुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया। अधिकारियों ने बताया कि मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति में सभी विभागों के बीच समन्वय और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना है, ताकि वास्तविक घटना होने पर किसी तरह की चूक न हो। मॉक ड्रिल के दौरान आम लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी भी दिखी, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि यह सिर्फ अभ्यास था। लोगों से घबराने की जरूरत नहीं है। इस दौरान मॉकड्रिल में एडीएम सिटी दिनेश मिश्रा, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ट्रैफ़िक श्रीवास्तव , फायर ऑफिसर महेंद्र प्रताप सिंह व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।