अयोध्या में तारुन थाना क्षेत्र के सागरपुर गांव में बंद घर को निशाना बनाकर चोर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और अन्य सामान चोरी कर ले गए। परिवार रविवार को घर में ताला बंद कर ननिहाल गया था। सोमवार को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और कमरे में सामान बिखरा पड़ा था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी लक्ष्मी देवी पत्नी हरीनाथ पांडेय ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रविवार को पूरे परिवार के साथ कोंछा बाजार स्थित अपने मायके में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। सोमवार को घर वापस पहुंचीं तो दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर घर में रखे जेवरात और अन्य सामान गायब मिले। पीड़िता के अनुसार, चोर सोने की चार अंगूठियां, एक जंजीर, तीन लॉकेट, चांदी की पायल व पाजेब, साड़ियां और 10 हजार रुपये नकदी उठा ले गए। इसके अलावा घर में रखा एक भरा गैस सिलेंडर और सरसों की आठ बोरियां भी चोरी कर लीं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष लालचंद सरोज ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना रामपुर भगन चौकी प्रभारी विकास कर रहे हैं।