अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र के कन्दैला गांव में 25 अगस्त को हुई रामलगन मौर्य की हत्या के मामले में उनकी पत्नी अंजनी मौर्य ने जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर एक करोड़ रुपये आर्थिक सहायता और स्थायी नौकरी की मांग की है। उन्होंने घटना में नामजद सभी आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई किए जाने की भी मांग की। रामलगन मौर्य अपनी वृद्ध मां को डॉक्टर से दवा दिलाकर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने पहले बम से हमला किया और इसके बाद पिस्टल से कई राउंड फायरिंग की। गोली और बम के छर्रे लगने से रामलगन की मौत हो गई, जबकि उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। मामले में थाना पूराकलंदर में रिपोर्ट दर्ज है।