अयोध्या: भेलसर अंडरपास के पास महिला के गले से मटर माला छीनने की घटना का रुदौली पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पुलिस ने आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक और पीली धातु की मटर माला बरामद की है। प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार रात करीब 9:05 बजे गुलचप्पा मोड़ स्थित कस्तूरबा स्कूल के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। उसकी पहचान बाराबंकी जिले के जैदपुर थाना क्षेत्र के बरबसौली निवासी विनय कुमार पुत्र राममिलन गोस्वामी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने 30 अक्तूबर को भेलसर अंडरपास के पास महिला के गले से मटर माला छीनकर बाइक से भाग गया था। मामले में बीएनएस की धारा 304(2) और 317(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज किया गया था। सीओ अरविंद सोनकर ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया था। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सीसीटीवी फुटेज की मदद से उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की गई। आरोपी को जेल भेजा जा रहा है।