अयोध्या जिले में घरों के सामने जमा गंदे पानी और सड़क पर जलभराव से परेशान तारुन के मिसिरिया के ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से चली आ रही जल निकासी की समस्या के समाधान के लिए गांव में 7.20 लाख रुपये की लागत से 150 मीटर लंबे नाले का निर्माण शुरू हो गया है। ग्राम पंचायत कनकपुर झगरौली के मजरा मिसिरिया में नाला नहीं होने से करीब 50 परिवारों के घरों के सामने नाबदान का पानी जमा रहता था। सड़क पर जलभराव के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भी परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने जिला पंचायत सदस्य हरिश्चंद्र निषाद से नाला निर्माण की मांग की थी। जिला पंचायत सदस्य ने बताया कि ग्रामीणों की समस्या को जिला पंचायत के सदन में उठाकर प्रस्ताव पास कराया गया। इसके बाद नाला निर्माण को मंजूरी मिली। निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी है।