पूरे प्रदेश में आयुष प्रशिक्षुओं के मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के क्रम में अयोध्या में भी राजकीय डॉ. बृज किशोर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्रशिक्षुओं का प्रदर्शन शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रशिक्षुओं ने ओपीडी सेवाएं बंद रखकर विरोध जताया। प्रदर्शन में 50 से अधिक प्रशिक्षु शामिल रहे। प्रशिक्षुओं की प्रमुख मांग स्टाइपेंड को मौजूदा 7,500 रुपये से बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रतिमाह करने की है। उनका कहना है कि 2011 से स्टाइपेंड में बढ़ोतरी नहीं हुई है, जबकि प्रशिक्षण के दौरान होने वाले खर्च लगातार बढ़ रहे हैं।