अयोध्या। जनौरा के गुलाब नगर में इन दिनों चोरों का एक नया गिरोह सक्रिय हो गया है, जिसने दुकानदारों की नींद उड़ा दी है। यह गिरोह दिन में कूड़ा बीनने और कबाड़ उठाने के बहाने कॉलोनी में घूम-घूमकर दुकानों की रेकी करता है और फिर तड़के सुबह 3 से 5 बजे के बीच चोरी की वारदात को अंजाम देता है। बृहस्पतिवार को इसी गिरोह ने इलाके की आधा दर्जन दुकानों को निशाना बनाया। सुबह जब दुकानदार अतुल शर्मा, मनोज साहू, कुणाल, जीतू, रमेश और अन्य लोग दुकान खोलने पहुंचे तो उनके होश उड़ गए। शटर के ताले टूटे पड़े थे और अंदर रखा सामान व नकदी गायब थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह कोई एक-दो लोगों का काम नहीं है। यह 6 से 7 लोगों का संगठित ग्रुप है। ये लोग मुंह पर गमछा बांधकर आते हैं। कॉलोनी के एक सीसीटीवी में 3:30 बजे 4-5 संदिग्ध युवक घूमते हुए कैद भी हुए हैं। लोगों का कहना है कि ये ही लोग दिन में कूड़े की गाड़ी के साथ या हाथ में बोरी लेकर इधर-उधर घूमते देखे जाते हैं। पिछले 15 दिन में इस इलाके में चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे लोगों में दहशत है।