अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र में सरयू नदी में बुधवार दोपहर भैंस नहलाने गए दादा और नाती गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। सूचना पर एसडीएम, तहसीलदार, सीओ, विधायक रामचंद्र यादव समेत पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका। एसडीआरएफ की दो नाव और पनडुब्बी की मदद से नदी में तलाश तेज कर दी गई है। गोताखोरों के साथ जाल डालकर भी दोनों की तलाश की जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार पसैया के सामने बंधे के पास बुधवार दोपहर करीब दो बजे 60 वर्षीय जगराम अपने 22 वर्षीय नाती शिवा पुत्र भाईलाल के साथ सरयू नदी में भैंस नहलाने गए थे। इसी दौरान दोनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाकर घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना मिलते ही एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता और सीओ अरविंद सोनकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने तत्काल गोताखोरों को नदी में उतारकर तलाश शुरू कराई। बाद में एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंचकर तलाश जारी कर दी है। विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि दोनों की तलाश के लिए कई टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है। पीड़ित परिवार को प्रशासन और शासन स्तर से हरसंभव मदद दिलाई जाएगी। एसडीआरएफ की दो नाव और पनडुब्बी की मदद से नदी के गहरे हिस्सों में तलाश की जा रही है। गोताखोर जाल डालकर भी दोनों को खोज रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि नाना-नाती के सरयू में डूबने की सूचना मिली मौके पर पहुँचकर गोताखोरों और एसडीआरएफ की मदद से दोनों की तलाश कराई जा रही है। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और दोनों को खोजने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।