अयोध्या के सेवा संकल्प अभियान के तहत बृहस्पतिवार को तारुन ब्लॉक परिसर में आंगन मिलन सेवा अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक शिविर आयोजित हुआ। इसमें उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और उत्कृष्ट माताओं को सम्मानित किया गया। समाज कल्याण विभाग की ओर से दो दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी वितरित की गई। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक इंद्र प्रताप तिवारी उर्फ खब्बू तिवारी ने कहा कि भाजपा सरकार ने मातृत्व सम्मान और महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाना इसी दिशा में बड़ा निर्णय है। उन्होंने कहा कि तारुन ब्लॉक में 436 कार्यकर्ता व सहायिकाएं बच्चों के पोषण और देखभाल में जुटी हैं। उनके अनुसार 2017 से पहले तीन हजार रुपये मानदेय मिलता था, जिसे भाजपा सरकार में बढ़ाकर आठ हजार और अब 12 हजार रुपये किया गया है। सीडीपीओ सुनीता वर्मा ने बताया कि बेलगरा में एक और नंसा में दो कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं की अहम भूमिका रही। उन्हें सम्मानित कर माताओं को प्रशस्ति पत्र व पोषण पोटली और बच्चों को खिलौने दिए गए। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राधेश्याम त्यागी, ब्लॉक प्रमुख फयाराम वर्मा, जिला उपाध्यक्ष राम मोहन भारती, बीडीओ आनंद कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।