रूदौली में शारदीय नवरात्र के दृष्टिगत ऐहार चौकी क्षेत्र में पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान चलाकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। दुर्गा पंडाल में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के साथ साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। महिला उपनिरीक्षक स्तुति गुप्ता, उपनिरीक्षक बालेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल छोटेलाल कनौजिया, कांस्टेबल सलमान अली, राहुल गौतम और धर्मेंद्र यादव ने महिलाओं व बालिकाओं को महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 102 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या उत्पीड़न होने पर महिलाएं बिना संकोच पुलिस की मदद लें। इसके साथ ही साइबर ठगी से बचने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और किसी से ओटीपी साझा नहीं करने के प्रति भी सचेत किया गया। कार्यक्रम में सरकार की ओर से संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूकता का संदेश दिया गया।