अयोध्या: अयोध्या के रुदौली तहसील क्षेत्र के ग्राम पसैया में सरयू नदी में डूबने से नाना जगराम रावत और उनके नाती शिवा की हुई दर्दनाक मौत से गांव में शोक का माहौल है। हादसे की जानकारी के बाद समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एहसान मोहम्मद अली उर्फ चौधरी शहरयार सोमवार को पसैया गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर घटना पर गहरा दुख जताया और परिजनों को ढांढस बंधाया। चौधरी शहरयार ने कहा कि सरयू नदी में डूबने से नाना-नाती की एक साथ हुई मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरा आघात पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में वह शोक संतप्त परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।उन्होंने कहा कि अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसी कठिन परिस्थितियों में समाज और आसपास के लोगों को पीड़ित परिवार के साथ खड़े होकर उन्हें संबल देना चाहिए। इस दौरान शुऐब खान, परवेज अहमद, बबलू यादव, मुफीद अली, शहरान खान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।