अयोध्या: रुदौली वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जयंती को यादगार बनाने के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। 22 नवंबर को मां कामाख्या धाम में उनकी जयंती भव्य और ऐतिहासिक रूप से मनाई जाएगी। समारोह की तैयारियों और आयोजन की रूपरेखा तय करने के लिए शनिवार को वीरांगना झलकारी बाई कोरी कैंप कार्यालय पर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष नंदलाल कोरी ने की। इसमें रुदौली विधायक रामचंद्र यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला, भाजपा जिला मंत्री तेज तिवारी और मंडल मंत्री दिनेश मिश्रा सहित कोरी समाज के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। बैठक में समारोह को भव्य स्वरूप देने, कार्यक्रम स्थल और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की गई। सर्वसम्मति से 22 नवंबर को जयंती समारोह आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस दौरान विधायक रामचंद्र यादव ने वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने तैयारियों की जानकारी लेते हुए आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का साहस, त्याग और देशभक्ति का इतिहास समाज के लिए गौरव की बात है। उनका जीवन आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम और संघर्ष की प्रेरणा देता रहेगा। बैठक के अंत में आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से 22 नवंबर को होने वाले जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।