अयोध्या में चक्रवात के कारण तीन दिन तक हुई मूसलाधार बारिश थमने के बाद अब लोगों की असली परेशानियां सामने आने लगी हैं। देवकाली स्थित आदर्श पुरम कॉलोनी में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब मां दुर्गा पूजा समिति के बंगाली कारीगर अधूरी मूर्तियां छोड़कर भाग गए। जानकारी के अनुसार, आदर्श पुरम में हर साल की तरह इस साल भी भव्य दुर्गा पूजा का आयोजन होना है। इसके लिए बंगाल से चार कारीगरों को बुलाकर मूर्तियां बनवाई जा रही थीं। लेकिन, तीन दिन की लगातार बारिश से पंडाल में पानी भर गया और मिट्टी की कच्ची मूर्तियां गलने लगीं। इससे नाराज और परेशान होकर कारीगर शुक्रवार रात ही चुपचाप निकल गए। सुबह समिति के सदस्य जब पंडाल पहुंचे तो मूर्तियां टूटी-फूटी पड़ी थीं और कारीगर नदारद थे। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच मिट्टी, बांस, पैरा, लकड़ी और सजावट का सामान उधारी पर देने वाले दुकानदार भी पहुंच गए और अपने पैसे की मांग करने लगे। भीड़ बढ़ती देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। देवकाली चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित भीड़ व समिति के लोगों को समझाया। समिति के पदाधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि कारीगरों को वापस बुलाकर नवरात्रि से पहले मूर्तियों का काम पूरा करा लिया जाएगा।