अयोध्या में सोमवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ली और दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। सुबह से धूप निकलने से लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन दोपहर 2 बजे के बाद अचानक काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ बेमौसम बारिश होने लगी। अचानक हुई बारिश से शहर के लोग भीगते नजर आए। रामपथ, चौक, रिकाबगंज और सिविल लाइन में लोग दुकानों और शेड के नीचे छिपते दिखे। स्कूल से लौट रहे बच्चे और ऑफिस से घर जा रहे लोग पूरी तरह भीग गए। कई बाइक सवार रास्ते में ही फंस गए। पिछले तीन दिन की बारिश से अभी निचले इलाकों आदर्श पुरम, गुलाबबाड़ी और जनौरा में पानी भरा ही है, ऐसे में फिर से बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। किसानों की पहले से डूबी फसलों को और नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।