अयोध्या के तारुन में विरोध के बाद तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को आखिरकार अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई कर दी। भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची प्रशासन की टीम ने महिलाओं के विरोध के बीच जेसीबी से पक्की दीवार ढहा दी। कार्रवाई के बाद 0.142 हेक्टेयर जमीन को कब्जामुक्त करा दिया गया। मामला ग्राम ककोली के बिंदा दुबे का पुरवा का है। यहां ग्राम सभा की नवीन परती गाटा संख्या 954क की 0.142 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत थी। प्रशासन के अनुसार उक्त भूमि पर उषा दुबे ने पक्की दीवार बनाकर कब्जा कर रखा था। मामले में बेदखली का आदेश पहले ही पारित हो चुका था। 10 सितंबर को राजस्व टीम अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी, लेकिन विरोध और सरकारी कार्य में बाधा के चलते कार्रवाई नहीं हो सकी थी। इसके बाद प्रशासन ने शुक्रवार को पुलिस बल के साथ दोबारा कार्रवाई की। उपजिलाधिकारी बीकापुर संतोष कुमार और प्रभारी निरीक्षक तारुन लालचंद सरोज पुलिस बल के साथ जेसीबी लेकर मौके पर पहुंचे। कार्रवाई शुरू होते ही महिलाओं ने विरोध जताया। प्रशासनिक टीम ने पहले परिसर से जानवरों को बाहर कराया। इसके बाद जेसीबी से पक्की दीवार को ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई पूरी होने के बाद भूमि को अतिक्रमणमुक्त करा दिया गया। उधर, उषा दुबे का आरोप है कि कार्रवाई के समय वह मौके पर मौजूद नहीं थीं। उनका कहना है कि दीवार गिराए जाने से लकड़ी, उपली और अन्य घरेलू सामान मलबे के नीचे दब गया। उन्होंने कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठाए हैं।