अयोध्या के मिल्कीपुर में संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायतों का अंबार रहा, लेकिन मौके पर निस्तारण का आंकड़ा बेहद कम रहा। शनिवार को तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में 200 फरियादियों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं। इनमें से महज 15 शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया जा सका। अपर जिलाधिकारी प्रशासन विशु राजा ने एसडीएम पवन कुमार शर्मा और सीओ पीयूष के साथ फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कुंभी गांव की नीलम ने बताया कि गांव में जाने वाली विद्युत लाइन काफी नीचे तक लटक रही है। कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने इसे ठीक नहीं कराया। एडीएम ने एसडीओ विद्युत आलोक गुप्ता को मौके पर जांच कर समस्या दूर कराने के निर्देश दिए। परसपुर सथरा निवासी दूधनाथ ने सीएचसी हैरिंगटनगंज में निर्धारित एक रुपये के बजाय दो रुपये पंजीकरण शुल्क लिए जाने की शिकायत की। उन्होंने अस्पताल कर्मचारी उमानाथ पर शुल्क वसूलने का आरोप लगाया। एडीएम ने सीएचसी अधीक्षक को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। सारी गांव के जयकुमार और विनायकपुर निवासी देवशरन ने तालाब खाते की जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत की। एडीएम ने तहसीलदार राजीव वर्मा को जांच कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में नायब तहसीलदार आनंद प्रकाश राय, पूर्ति निरीक्षक रामनरेश गुर्जर, बीडीओ हरिश्चंद्र सिंह, एडीओ पंचायत सुरेंद्र कुमार राव, खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार त्रिपाठी, क्षेत्रीय वन अधिकारी संतोष कुमार मिश्र, सहायक चकबंदी अधिकारी राजेंद्र कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।