अयोध्या: इनायतनगर थाना क्षेत्र के सहुलारा गांव में तीन वर्षीय मासूम की नृशंस हत्या के करीब 15 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हत्याकांड का खुलासा न होने से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। इस गंभीर मामले को लेकर अयोध्या के सपा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव अवधेश प्रसाद ने प्रेसवार्ता कर जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि मासूम की हत्या ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है, जबकि पीड़ित परिवार आज भी न्याय की आस लगाए बैठा है। सांसद ने बताया कि 29 अक्टूबर को तीन वर्षीय बच्चा घर से लापता हुआ था। परिजनों की सूचना के बावजूद छह दिनों तक पुलिस उसका पता नहीं लगा सकी। सातवें दिन मासूम का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। उन्होंने कहा कि घटना के बाद वह स्वयं गांव पहुंचे थे और पुलिस अधिकारियों से गंभीरता के साथ कार्रवाई कर हत्याकांड का शीघ्र खुलासा करने की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक नतीजा सामने नहीं आया है। सांसद ने कहा कि मासूम के माता-पिता और दादा गहरे सदमे में हैं। उच्चाधिकारियों को तत्काल हस्तक्षेप कर हत्याकांड का खुलासा करना चाहिए और दोषियों को कानून के कठघरे में लाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहिए। अखिलेश के अयोध्या दौरे पर संतों के विरोध को बताया भाजपा प्रायोजित वहीं, 12 दिसंबर को सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रस्तावित अयोध्या दौरे को लेकर कुछ संतों की ओर से किए जा रहे विरोध पर भी अवधेश प्रसाद ने खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी साधु-संतों का सदैव सम्मान करती है। संतों की नाराजगी का कोई सवाल ही नहीं है। साधु-संतों, भगवान, हनुमान जी और मां सरयू की कृपा से ही उन्हें अयोध्या का सेवक और सांसद बनने का अवसर मिला है। संतों की बैठक और अखिलेश यादव से माफी मांगने की मांग पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और भावनाएं व्यक्त करने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने संतों के विरोध को भाजपा प्रायोजित बताते हुए आरोप लगाया कि भाजपा राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह का माहौल तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि किसकी भावना क्या है और कौन कहां से बोल रहा है, यह जनता भली-भांति समझती है।