आगामी धनतेरस, दीपावली और छठ पूजा के पावन पर्वों को जिले में सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए औरैया पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए बुधवार को पुलिस अधीक्षक औरैया ने खुद कमान संभाली और भारी पुलिस बल के साथ सड़कों पर उतरकर पैदल गश्त की। गश्त के दौरान एसपी ने क्षेत्राधिकारी नगर और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली औरैया के साथ थाना कोतवाली क्षेत्र के मुख्य बाजारों, व्यस्त मार्गों एवं भीड़भाड़ वाले संवेदनशील स्थानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी और सतर्कता बरतने के सख्त निर्देश दिए। एसपी ने हिदायत दी कि संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक की इस गश्त का मुख्य उद्देश्य आमजन और व्यापारियों में सुरक्षा का विश्वास जगाना है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।