अमेठी सिटी। जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और लोगों को इनके प्रति जागरूक करने के लिए बृहस्पतिवार से एक माह का विशेष अभियान शुरू हुआ। संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज परिसर से जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरी और मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने हरी झंडी दिखाकर अभियान को रवाना किया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमों की ओर से लोगों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही साफ-सफाई, आसपास पानी जमा न होने देने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य बीमारी फैलने की आशंका वाले क्षेत्रों में समय रहते निगरानी बढ़ाना और लोगों को आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, डॉ. पीके उपाध्याय, डॉ. प्रदीप तिवारी, डॉ. विवेक चौधरी समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने अभियान से जुड़ी गतिविधियों को लेकर तैयारियों की जानकारी भी दी।