अमेठी में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक सपा प्रदेश में और कांग्रेस केंद्र में सत्ता में नहीं आएगी। एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने जायस स्थित राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोलियम टेक्नोलॉजी (आरजीआईपीटी) में तीन छात्रावासों का लोकार्पण किया। इसके बाद संस्थान परिसर में भाजपा पदाधिकारियों और नेताओं के साथ बैठक कर वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया। उपमुख्यमंत्री ने आरजीआईपीटी में एसएससी बोस, होमी भाभा और विद्यासागर छात्रावासों का उद्घाटन किया। करीब एक हजार छात्रों के लिए हाईटेक सुविधाओं से तैयार इन छात्रावासों में विद्यार्थियों को आधुनिक आवासीय सुविधाएं मिलेंगी। लोकार्पण के बाद उन्होंने संस्थान के अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री भाजपा के पूर्व पदाधिकारी भागीरथी मौर्य के घर भी पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वह प्रयागराज के लिए रवाना हो गए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश में विकास और जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी संगठन स्तर पर तैयारियों में जुटी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने तथा संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।