गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक एमएलसी का चुनाव शुक्रवार को होगा। इसके लिए सभी ब्लॉकों को मतदेय स्थल बनाया गया है। कुल 2891 मतदाता 16 प्रत्याशियों का भाग्य तय करेंगे। बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट से पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं जिन्होंने ब्लॉकों पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। इसके साथ ही एसपी प्राची सिंह ने शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पुलिस कर्मियों की ब्रीफिंग की है। डीएम ईशा प्रिया ने बताया कि जिले के सभी नौ ब्लॉकों को मतदेय स्थल बनाया गया है। यहां सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए जिले को पांच जोन और नौ सेक्टर में बांटकर अधिकारियों की तैनाती की गई है। सभी तहसीलों के एसडीएम को संबंधित क्षेत्रों में जोनल मजिस्ट्रेट बनाया गया है। वहीं, नौ अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी सौंपी गई है।