रक्षाबंधन के पर्व पर बहनों को निशुल्क बस यात्रा की सौगात देने के लिए बुधवार को लोहिया भवन अकबरपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाले कार्यक्रम का जनपद स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं और उन्होंने सरकार की इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि कुसुम धर ने महिलाओं को साड़ी और मिठाई देकर सम्मानित किया। सम्मान पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे। खासकर वृद्ध महिलाओं में इसको लेकर खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन पर बहनों के लिए निशुल्क बस सेवा शुरू किए जाने से मायके जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। महिलाओं ने बातचीत के दौरान सरकार की इस पहल को बहनों के लिए रक्षाबंधन का विशेष उपहार बताया। कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं में आपस में इस योजना को लेकर चर्चा होती रही। निशुल्क यात्रा की सुविधा से बहनों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई।